गूंगाखेड़ी के प्रधान को विश्व एकता अवार्ड
बागपत : गूंगाखेड़ी के ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह को विश्व एकता अवार्ड स्वर्ण पदक से नवाजा गया है। सम्
बागपत : गूंगाखेड़ी के ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह को विश्व एकता अवार्ड स्वर्ण पदक से नवाजा गया है। सम्मानित होने वाले सात देशों के कुल 64 व्यक्तियों में यूपी से वह एकमात्र प्रधान हैं। उन्हें यह सम्मान दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया।
गूंगाखेड़ी के ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को विश्व एकता दिवस की पूर्व संध्या पर दिल्ली में दी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल लॉ में राष्ट्रीय स्तर का सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। यह समारोह अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच एवं राष्ट्रीय समता स्वतंत्र मंच की ओर से आयोजित हुआ। इसमें उन हस्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, उद्योग एवं व्यावसायिक क्षेत्र तथा राजनीति क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहले से कोई पुरस्कार प्राप्त हो चुका हो। गूंगाखेड़ी ग्राम पंचायत को राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार मिल चुका है। इस सेवा कार्य को देखते हुए उन्हें संबंधित संस्थान ने इस सम्मान के योग्य माना। कार्यक्रम में सात देशों के 64 हस्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें स्वर्ण पदक, प्रशस्ति-पत्र देकर पगड़ी पहनाई गई। उन्हें यह सम्मान जस्टिस पीएन भागवती, पूर्व चुनाव आयुक्त जीवीजी कृष्णमूर्ति व समरसता मंच के आइसी एमपी तोरडी आदि ने दिया।