दुर्दशा : फटेहाल तंबू से यातायात नियंत्रण
जागरण संवाददाता, बागपत : एक ओर जहां पुलिस महकमे को हाइटेक बनाने के लिए सरकार भारी बजट दे रही है, वही
जागरण संवाददाता, बागपत : एक ओर जहां पुलिस महकमे को हाइटेक बनाने के लिए सरकार भारी बजट दे रही है, वहीं बागपत की यातायात पुलिस अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। देश की राजधानी से चंद किमी दूर बैठी यातायात पुलिस राष्ट्र वंदना चौक पर फटेहाल तंबू में बैठकर यातायात व्यवस्था संभाल रही है।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर राष्ट्र वंदना चौक ऐसी जगह स्थित है, जहां से यूपी के अलावा, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश व पंजाब राज्य के वाहनों का आवागमन होता है। लेकिन आश्चर्य है कि यातायात संभालने वाली पुलिस राष्ट्र वंदना चौक पर एक तंबू में बैठकर व्यवस्था संभाल रही है। इस फटेहाल तंबू में टीन की छत बनाई गई है जो बारिश आते ही टपकने लगता है। न धूप और हवा रोकने के लिए दीवार है और न ही पीने के पानी की कोई व्यवस्था। इस फटेहाल तंबू के सामने कुछ समय पहले एक शीशम का पेड़ हुआ करता था। लेकिन राष्ट्र वंदना चौक के सौंदर्यीकरण के नाम पर नगर पालिका ने उसे भी काट दिया। कभी पुलिस इसी पेड़ के नीचे गर्मी और सर्दी किसी तरह काटती थी। सवाल यह है कि इस हाल में पुलिस कैसे यातायात संभालती होगी? एसपी जेके शाही ने कहा कि यह सही है कि राष्ट्र वंदना चौक पर यातायात पुलिस के लिए कोई खास व्यवस्था नहीं है लेकिन जल्द ही पुलिस कर्मियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।