जाम रहा हाइवे
संवाद सहयोगी, खेकड़ा : प्रदेश में किसानों के चीनी मिलों के बकाया गन्ना भुगतान न होने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में चक्का जाम करने की घोषणा की थी। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं करीब 11 बजे मवीकलां में हाइवे की घेराबंदी की, जिससे हाइवे पर दौड़ रहे वाहनों के पहिए थम गए और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में दोपहर के समय निर्धारित समय पर कार्यकर्ताओं ने हाइवे को जाम से मुक्त कर दिया।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित चक्का जाम के तहत गुरुवार दोपहर 11 बजे दिल्ली यमुनोत्री हाइवे पर मवीकलां गांव में डेरा डाल दिया। कार्यकर्ताओं ने हाइवे पर दोनों और टै्रक्टर ट्रॉली खड़ी की जाम लगाया। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत सुबह से ही पुलिस प्रशासन पाठशाला पुलिस चौकी पर डेरा डालकर बैठ गई, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पाठशाला के बजाय मवीकलां में हाइवे जाम किया। हाइवे पर जाम होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय रोड जाम होने के कारण स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों से गुजरना पड़ा। स्कूल बस रास्ते में ही रुक गई, जिससे उन्हें तेज धूप में पैदल ही अपने घरों तक जाना पड़ा। हाइवे जाम होने के कुछ देर बाद बागपत कोतवाल अनिल कपरवान मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी एक न मानी और प्रस्तावित समय एक बजे जाम खोला। इसके बाद जाम में फंसे लोग अपने गंतव्य तक पहुंच पाए। जाम लगाने वालों में जिला उपाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, तहसील अध्यक्ष सुखवीर सिंह, प्रवीण प्रधान, श्रीपाल डायरेक्टर, विजयपाल, महावीर, डा. अजेंद्र आर्य, मनोज व संजय आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।