नहीं मिल पा रही गायब किशोरियों की लोकेशन
जागरण संवाददाता, खेकड़ा : थाना क्षेत्र के अलग-अलग दो गांव से गायब चल रही दो किशोरी पुलिस के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। मोबाइल बंद होने से अब दोनों किशोरियों की लोकेशन मिलना भी बंद हो गया है। परिजनों की सूचना के आधार पर ही पुलिस इधर-उधर हाथ पैर मार रही है।
बसी और मुबारिकपुर गांव से गायब हुई दोनों किशोरियों का डेढ़ सप्ताह बाद भी पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है, जिसकी वजह से गांव में तनाव बढ़ता जा रहा है। ग्यारह दिन पूर्व बसी गांव से विशेष संप्रदाय का युवक गांव से एक किशोरी को अगवा कर ले गया था। गांव में एक विशेष संप्रदाय के प्रति लोगों में रोष है। गांव में तनाव व दहशत का माहौल है। शांति बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, इसके बाद भी लोगों का आक्रोश कम नहीं हो रहा है। उधर, मुबारिकपुर गांव से दस दिन से गायब किशोरी का भी सुराग नहीं लग पा रहा है। थाना प्रभारी जीपी सिंह यादव का कहना है कि गायब चल रही दोनों किशोरियों की लोकेशन मिलनी बंद हो गई है, इसका कारण दोनों का मोबाइल स्विच आफ होना है। दूसरे नंबरों से उनके परिजनों के पास फोन आ रहे हैं। परिजन जहां भी उनके होने की सूचना दे रहे हैं, वही पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा।