निजी चीनी मिलों पर बिफरे किसान
बिनौली में किसानों की पंचायत का आयोजन, लगाया उत्पीड़न का आरोप
संवाद सूत्र, बिनौली : क्षेत्र के पिचौकरा गांव में गुरुवार को किसानों की पंचायत हुई, जिसमें निजी चीनी मिलों पर किसानों उत्पीड़न करने आरोप लगाया गया और शीघ्र गन्ना भुगतान न होने की स्थिति में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
पंचायत में थांबे चौधरी यशपाल सिंह ने कहा कि निजी चीनी मिलें मालिक मनमानी पर उतारू हैं। गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली भी नहीं रुक पा रही है। इसके अलावा किसानों को काफी गन्ना खेतों में खड़ा है और मिलों ने गन्ना क्रय केंद्र बंद करने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में मिले बंद करने से संबंधित नोटिस भी दिए जा रहे हैं। पंचायत में किसानों का पूरा गन्ना लेने तक मिल चालू रखने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर मिल मालिकों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। पंचायत का संचालन ब्रजपाल शास्त्री तथा अध्यक्षता चौ. यशपाल सिंह ने की। पंचायत में यशोधर्मा सोलंकी, जयपाल सिंह, विनोद तोमर, वीरेंद्र प्रधान, लेखराज प्रधान, राजू सिरसली, धर्मवीर, पीतम सिंह आदि मौजूद रहे।