खेत पर गई महिलाओं को बदमाशों ने दौड़ाया
बदायूं : कादरचौक थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने जंगल में गई महिलाओं को दौड़ा दिया। शोर-शराबे पर पह
बदायूं : कादरचौक थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने जंगल में गई महिलाओं को दौड़ा दिया। शोर-शराबे पर पहुंचे ग्रामीणों को भी बदमाशों ने फायरिंग कर खदेड़ दिया। घटना की सूचना के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाश एक गन्ने के खेत में छिपे हुए थे, जहां पुलिस ने अंदर घुसने की हिम्मत नहीं जुटाई। वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है।
बुधवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव असरासी और रमजानपुर के बीच चांदे की पुलिया के पास महिलाएं खेत पर काम करने गई थीं। इसी दौरान एक गन्ने के खेत से लगभग आधा दर्जन बदमाश असलहों से लैस बाहर निकल आए। बदमाशों ने महिलाओं को दौड़ा दिया। महिलाओं ने यह बात गांव में बताई तो दोनों गाव के सैकड़ों लोग घटनास्थल की ओर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बदमाशों को ललकारा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते ही ग्रामीण भाग खड़े हुए। बदमाशों की संख्या ज्यादा देखकर ग्रामीण हिम्मत नहीं जुटा पाए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटना के दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने बदमाशों के छिपे होने का ठिकाना भी बताया, लेकिन पुलिस किसी को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। पुलिस की इस कार्यशैली से इलाकाई लोगों में खासी दहशत है।