जन समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन
बदायूं : दातागंज में कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने जन समस्याओं को लेकर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
बुधवार को तहसील मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने थाना कोतवाली तहसील में जमकर हंगामा काटा। केंद्र सरकार के सौ दिन के काम को जमकर कोसा गया बाद में एसडीएम ओपी तिवारी को एक पांच सूत्रीय ज्ञापन राज्यपाल के नाम दिया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष मुख्यातिथि ओमकार सिंह, जिलाध्यक्ष साजिद अली व आतिब खां के तत्वावधान में दर्जनों कांग्रेसी नखासा बाजार में एकत्रित हुए। रोडवेज से जुलूस के रूप में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां से सर्राफा बाजार, इतवार बाजार होते हुए तहसील पहुंचे वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने तहसील प्रांगण में संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सौ दिन काम में जनता को महंगाई भ्रष्टाचार बिजली तक नहीं मिल सकी। सौ दिन में देश के अन्नदाता किसान को राहत नहीं मिल। समाज का हर तबका परेशान है। भाजपा अपनी खुद पीठ थपथपा रही है। जिलाध्यक्ष साजिद अली ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो किसानों का भला कर सकती है। प्रदेश की सरकार फेल हो चुकी है। तालाब सूख रहे हैं जानवर प्यास से व्याकुल हैं लेकिन प्रशासन ने अभी तक तालाबों में पानी तक नहीं भरवाया है। अगर प्रशासन ने किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं आतिब खां जख्मी ने कहा कि सत्ता के इशारे पर सरकारी मशीनरी काम कर रही है। राशन की दुकानों के प्रस्ताव खुली बैठक में नहीं होते हैं। बंद कमरों में चुपचाप कोटे के प्रस्ताव कर दिए जाते हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बदायूं शहर अध्यक्ष नरेश गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए।