रंगदारी न देने पर युवक को गोली मारी
बदायूं : दातागंज में रामगंगा किनारे मछली पकड़ रहे एक युवक को दबंगों ने रंगदारी न देने पर गोली मारकर घायल कर दिया। घटना की पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन वह हमलावरों को नहीं पकड़ सकी। हमलावरों ने तीन दिन के भीतर गोली चलाने की यह दूसरी वारदात की है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
कोतवाली इलाके के गांव चंदोखा निवासी पुत्तू (36) पुत्र बादशाह मछली का कारोबार करता है। इसी क्षेत्र के गांव सेहरा निवासी सुभाष और नीरज ने कुछ दिन पहले पुत्तू से रंगदारी मांगी थी। चूंकि दबंगों का इलाके में दबदबा है, इसलिए उनका विरोध करने की हिम्मत किसी में नहीं है। पुत्तू ने बुधवार को उन्हें रंगदारी देने की बात कही थी। बुधवार को अपरान्ह करीब तीन बजे पुत्तू रामगंगा के पास मछली पकड़वा रहा था। इसी दौरान सुभाष और नीरज वहां पहुंच गए। उन्होंने रंगदारी की रकम मांगी तो पुत्तू ने रुपये न होने की बात कह कर दो दिन का समय मांगा। इसी बात पर सुभाष ने तमंचा निकालकर पुत्तू को गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग घटना स्थल की ओर दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। परिजन पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि पुत्तू घायल अवस्था में तड़प रहा था। पुलिस ने घायल को गाड़ी में डालकर जिला अस्पताल भेज दिया।