मंदिरों की हुई भव्य सजावट, उमड़े श्रद्धालु
बदायूं : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद एकादशी का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के छोटे-बड
बदायूं : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद एकादशी का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के छोटे-बड़े सभी मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई थी। शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन करने और सजावट देखने के लिए उमड़ने लगी थी। देर रात तक मंदिरों में चहल-पहल बनी रही। भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों के पास पुलिस तैनात रही।
एकादशी पर वर्षों से शहर में मंदिरों की सजावट और पूजा-अर्चना की जाती रही है। मान्यता है कि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्म की जानकारी यहां के लोगों को एकादशी के दिन हुई थी, तब यहां उत्सव मनाया गया था। वर्षों से उस परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। जन्माष्टमी के साथ ही एकादशी की तैयारी आरंभ कर दी गई थी। शुक्रवार शाम ढलते ही शहर दूधिया रोशनी में नहा उठा। छोटे-बड़े सभी मंदिरों को तरह-तरह की रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। शाम होते ही मंदिर जगमग हो उठे।
शहर के बिरूआबाड़ी मंदिर, नगला मंदिर, शिव मंदिर समेत कई मंदिरों में सुबह से ही खासी चहल पहल रही। कई लोगों ने मिलकर मंदिरों की साफ-सफाई कर उन्हे सजाने का कार्य भोर से ही प्रारंभ कर दिया। मंदिरों में विशेष प्रकार की रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई। देर शाम तक मंदिरों को सजाने का कार्य चलता रहा। शाम होते ही मंदिर में लगी लाइटों के प्रकाश से शहर जगमग हो उठा। इस दौरान भक्तों ने लाइन लगाकर भगवान की पूजा अर्चना कर आर्शीवाद प्राप्त किया। मंदिर के आसपास के चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रही। कहीं कोई विवाद न होने पाए इसलिए जगह-जगह पुलिस तैनात की गई थी। भीड़ में महिलाओं की भी अच्छी खासी संख्या रही, इसलिए महिला पुलिस भी लगाई गई थी।