महज बोर्ड लगाकर छुपाए जा रहे दाग
बदायूं : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फरमान प्रदेश के अन्य जिलों में भले ही एक्शन में दिख रहा हो,
बदायूं : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फरमान प्रदेश के अन्य जिलों में भले ही एक्शन में दिख रहा हो, लेकिन बदायूं के अफसरों पर अब उनके आदेश का असर नहीं दिख रहा है। खानापूरी करने के लिए विभिन्न दफ्तरों में पान, बीड़ी, गुटखा खाने के प्रतिबंध को बोर्ड तो लगा दिए गए हैं, लेकिन कार्यालयों में पसरी गंदगी अब तक नहीं हट सकी है। अधिकांश विभागों के कार्यालयों के कमरों के कोने पर गुटखा और पान के दाग दिखाई दे रहे हैं। विकास भवन, बीएसए कार्यालय में तो कुछ इसी तरह का हाल दिखाई दिया। एआरटीओ कार्यालय और पुलिस महकमे में जरूर स्वच्छता के प्रति गतिविधियां दिखाई देने लगी हैं।
बात विकास भवन में स्थित कार्यालयों से शुरू करते हैं। यहां कार्यालयों में धूमपान और गुटखा आदि के खाने पर प्रतिबंध का बोर्ड टांग दिया गया है। लेकिन यह बोर्ड मुख्यमंत्री के फरमान की खानापूर्ति करता दिखाई दे रहा था। विकास भवन में स्थित शौचालयों में अब तक गंदगी पसरी है। उसे साफ नहीं कराया जा सका है। विकास भवन की सीढि़यों पर गंदगी पड़ी थी। लोगों ने थूक कर दीवार को रंग दिया था। कुछ आगे बढ़ने पर ऐसा ही नजारा दिखाई दी दे रही थी। यहां भी सीढि़यों पर रखा डस्टविन शोपीस में रखा दिखाई दे रहा था। कूड़ा सीढि़यों पर बिखरा पड़ा था। ऐसा महसूस हो रहा था कि मानो यहां कई माह से कोई आया हीं न हो। अधिकांश विभागों के कार्यालयों के कोनों पर गुटखा और पान के दाग स्पष्ट दिखाई दे रहे थे।
बीएसए कार्यालय में भी योगी फरमान धराशायी दिखाई दिया। यहां एक बाबू ने अपने कक्ष में एक डिब्बे को पीक दान बना लिया। डिब्बे की गंदगी ऐसी की कोई भी बैठना पसंद न करे। इसी कक्ष में पीकदान के आसपास कई स्थानों पर पान और गुटखा की पीक के दाग दिखाई दे रहे थे। वहीं कलेक्ट्रेट में भी जगह जगह दीवारों पर कत्थे के दाग दिखाई दे रहे थे।
मैंने सभी विभागों के अधिकारियों को सफाई कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। कल मैं स्वयं विभागों का निरीक्षण करूंगा। यदि गंदगी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अच्छेलाल ¨सह यादव, सीडीओ
मैं स्वयं निरीक्षण करूंगा। यदि किसी बाबू के पटल या कक्ष में गंदगी पाई जाती है, तो उससे सफाई कराने को कहा जाएगा। इसके बाद दोबारा जांच की जाएगी। दोबारा गंदगी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- प्रेमचंद्र, बीएसए