ईद मीलादुन्नबी पर्व के लिए मजिस्ट्रेट तैनात
बदायूं : जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार ने ईद मीलादुन्नबी के त्योहार पर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था
बदायूं : जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार ने ईद मीलादुन्नबी के त्योहार पर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसील क्षेत्रों की जिम्मेदारी संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट तथा शहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट को सौंपी है। चंद्र दर्शन के अनुसार ईद मीलादुन्नबी का पर्व 13 दिसंबर को जुलूस निकालकर मनाया जाएगा।
डीएम ने सभी मजिस्ट्रेट को निरंतर भ्रमण करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि सभी मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करें कि कोई भी नई परंपरा न शुरू होने पाए और सभी जुलूस के मार्गो की जानकारी हो। असामाजिक तथा शरारती तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करें। धारा 144 के प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने सफाई तथा जलापूर्ति के लिए स्थानीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा विद्युत आपूर्ति विद्युत अभियंताओं को व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। ईद मीलादुन्नबी के जुलूस के दौरान अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन एवं एसपी सिटी तथा अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व एवं एसपी आरए निरंतर भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। सभी उप जिला मजिस्ट्रेट संबंधित सीओ के साथ ईद मीलादुन्नबी के जुलूस को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए उत्तरदायी होंगे।