खोदाई के बाद तालाब तैयार, बारिश का इंतजार
बदायूं : तालाबों को बचाने के लिए चलाए गए अभियान का व्यापक असर हुआ है। सरैनी पापड़ी गांव के तालाब की स
बदायूं : तालाबों को बचाने के लिए चलाए गए अभियान का व्यापक असर हुआ है। सरैनी पापड़ी गांव के तालाब की सूरत बदल गई है। खोदाई के बाद तैयार हुए इस तालाब के छोटे गड्ढों को अब इंद्रदेव की कृपा का इंतजार है। इन छोटे छोटे गड्ढों में भरा पानी अपना पूरा आकार लेने की बाट जोह रहा है। बारिश होने पर तालाब देखने लायक होगा। दैनिक जागरण की मुहिम से तालाबों की खोदाई की गई है। अब झमाझम बारिश का इंतजार है। इंद्र देव थोड़े से प्रसन्न हुए तो खोदे गए तालाबों ने अपने अंदर पानी सहेज लिया। सुरैनी पापड़ी गांव के समीप के तालाब के छोटे छोटे गड़डों में बीते दिन हुई बारिश के बाद पानी भर गया। पूरा तालाब अभी खाली है। हां ये गड्ढे दैनिक जागरण द्वारा चलाई गई मुहिम का जरूर गवाह हैं। इंतजार है तो बारिश का। वर्षों बाद हुई खोदाई के बाद गहरे हुए तालाब में काफी पानी आने की गुंजाइश है।
खंड विकास अधिकारी सुभाष नेमा के प्रयासों के चलते यह तालाब खोदा गया। इसके बाद गांव के लोगों ने स्वयं खोदाई भी की। गांव के प्रबुद्ध नागरिकों ने इस पूरे अभियान पर स्वयं नजर रखी। गांव के तालाब के प्रति इतने ज्यादा भाव थे कि गांव वालों की जुबान पर इसी तालाब को भरने की चर्चा थी। अब इंसान का काम तो खत्म हो गया। अब इंतजार है तो इंद्रदेव की कृपा का। घुमड़-घुमड़ कर आने वाले बादल कुछ बूंदें तो टपका कर चले जाते हैं। इनसे तालाब के कुछ गड्ढे ही भर कर रह गए। अब इंतजार इंद्रदेव की पूरी कृपा का है। ये भरे तालाब जंगली जानवरों को जीवन देने वाले तो सिद्ध होंगे ही साथ ही जलस्तर भी बढ़ेगा।