आंदोलन करेंगे केंद्रीय और राज्य कर्मचारी
जागरण संवाददाता, बदायूं : सातवें वेतन आयोग में 90 फीसद कर्मचारियों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लग
जागरण संवाददाता, बदायूं : सातवें वेतन आयोग में 90 फीसद कर्मचारियों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र और राज्य कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से आंदोलन का एलान किया है। आरोप है कि वेतन वृद्धि का समुचित लाभ सिर्फ दस फीसद कर्मचारियों को मिल रहा है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष मदन मुरारी गुप्ता के आवास पर हुई बैठक में केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने कहा कि सातवें वेतन आयोग में कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों की उपेक्षा की गई है। सिर्फ उच्च पदस्थ दस फीसद अधिकारियों के वेतन में 21 प्रतिशत वृद्धि की गई है, जबकि 90 फीसद कर्मचारियों के वेतन में महज तीन से सात प्रतिशत तक की ही बढ़ोत्तरी की गई है। इसके विरूद्ध केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से आंदोलन छेड़ने का आह्वान किया है। शुक्रवार को कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्यालयों में विरोध प्रदर्शित करेंगे और अपराह्न 1.30 बजे प्रधान डाकघर परिसर में संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से आंदोलन को प्रभावी बनाने का आह्वान किया है। इस मौके प्रेम प्रकाश पांडेय, गौरव यादव, सरोज कुमारी यादव, संजय कुमार आर्य, फजुल रहमान, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।