चढ़ा होली का रंग, शुरू हो गई हुड़दंग
बदायूं : होली की मस्ती में हर कोई डूबा हुआ है। शहर से लेकर कस्बों और गांवों तक होली की मस्ती छायी हु
बदायूं : होली की मस्ती में हर कोई डूबा हुआ है। शहर से लेकर कस्बों और गांवों तक होली की मस्ती छायी हुई है। गुरुवार को सुबह जहां होली पर यज्ञ का आयोजन कर बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया गया, वहीं दोपहर से होली की मस्ती शुरू हो गई। शाम ढलते ही चौराहों पर डीजे लगाकर युवाओं ने डांस शुरू कर दिया जो होलिका दहन के बाद देर रात तक जारी रहा।
शहर में सुभाष चौक पर सुबह होली यज्ञ का आयोजन किया गया। डा.ज्ञानेंद्र जिज्ञासु की अगुवाई में श्रद्धालुओं ने सुगंधित एवं रोग नाशक सामग्री के साथ यज्ञ में आहुति दी। सभी से प्रेम और भाईचारे के माहौल में होली मनाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर विजय, आर्येद्र, विवेक, हरीओम, रामप्रकाश सिंह, प्रेम प्रकाश आर्य आदि मौजूद रहे। इसी तरह पटियाली सराय, जवाहरपुरी, कल्यानगर में भी यज्ञ का आयोजन किया गया। पतंजलि योग समिति की ओर से शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे मालवीय आवास गृह पर यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
दोपहर से ही बच्चों ने हुड़दंग शुरू कर दी। आने-जाने वालों पर पहले गुलाल और पानी फेंकना शुरू कर दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता होली की हुड़दंग बढ़ती गई। बच्चों और युवाओं ने बड़े-बुजुर्गो को तो गुलाल लगाकर होली मनानी शुरू कर दी, हम उम्र के लोगों के मुंह रंग भी लगाना शुरू कर दिया। शाम ढलते ही चौराहों पर होली का सुरूर छाने लगा। मस्ती में युवा डांस करते दिखाई दिए।
होली मिलन समारोह 8 को
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से 8 मार्च को बदायूं क्लब में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। पूर्व ब्लॉक प्रमुख धीरज सक्सेना के आवास पर हुई बैठक में इसकी कार्ययोजना तय की गई। कार्यक्रम में चक्रपाणि महराज भी शामिल होंगे। अखिल भारतीय ब्राह्माण महासभा की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन 8 मार्च को सायं चार बजे ब्राह्माण धर्मशाला में किया जाएगा।