पुलिस ने नहीं माना कलेक्टर का आदेश
बदायूं : डीएम सीपी त्रिपाठी के निर्देश थे कि कोई भी मतदाता अपने निजी वाहन से बूथ तक वोट डालने जा सकता है। उसके वाहन पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। डीएम ने यह आदेश मतदाताओं की सहूलियत को देखते हुए दिए थे। लेकिन पुलिस ने आदेश मानने की बजाय इसकी धज्जियां उड़ा दीं। बूथों तक आने वाले वाहनों के टायरों में सूजे घोंपकर पंक्चर किए गए। इतना ही नहीं लोगों को डंडा दिखाकर दहशत का माहौल बनाया गया।
शहर में अधिकांश लोग बूथों की दूरी ज्यादा होने की वजह से अपने दो पहिया या चार पहिया वाहनों से मतदान करने निकले थे। बूथों के बाहर तैनात पुलिस ने लोगों से अभद्रता शुरू कर दी। रास्ते में ही रोककर उन्हें बेइज्जत कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया। पुलिसिया भय से लोगों में दहशत का माहौल रहा। बूथों के आसपास खड़े वाहनों की बात छोड़ें तो खड़े वाहनों में भी सूजे घोंपकर पंचर किए गए। पुलिस की इस करतूत से लोगों में रोष पनपता रहा।