न्यायालय में पेश हुए मुख्तार अंसारी
आजमगढ़ : तरवा में हुई हत्या के एक मामले में आरोपित मऊ जिले के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को कड़ी
आजमगढ़ : तरवा में हुई हत्या के एक मामले में आरोपित मऊ जिले के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को मुख्य दंडाधिकारी अशोक कुमार यादव के न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान न्यायालय परिसर पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।
बता दें कि तरवा के ऐरा कला गाव के पास सड़क निर्माण में लगे बिहारी मजदूर डेरा डालकर रह रहे थे। बीते छह फरवरी की रात बाइक सवार बदमाश वहा पहुंचे और मजदूरों के डेरे पर अंधाधुंध फायरिंग झोंक दिए। इस घटना में बिहार प्रात के गया जनपद निवासी मजदूर इकबाल (35) बिंद की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक का साथी पाचू बिंद (45) गोली लगने से घायल हो गया। निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार राजेश सिंह निवासी जनपद मऊ द्वारा मेंहनगर क्षेत्र के वीरपुर ग्राम निवासी तथा इन दिनों जेल में निरूद्ध अपराधी श्याम बाबू पासी सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस विवेचना के दौरान इस मामले में बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी का नाम प्रकाश में आया। मामले के विवेचक रहे पुलिस निरीक्षक ने मुख्य दंडाधिकारी अशोक कुमार यादव के समक्ष आरोपी पूर्व विधायक को तलब करने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। सीजेएम ने न्यायालय में प्रस्तुत केस डायरी व अन्य दस्तावेजों के अवलोकन के बाद प्रदेश की आगरा जेल में निरूद्ध पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को न्यायालय में प्रस्तुत होने का आदेश दिया। इसी परिपेक्ष्य में बीते 11 नवंबर को बाहुबली पूर्व विधायक सुरक्षा के कारणों से न्यायालय में पेश नहीं किए जा सके थे। शनिवार को उन्हें पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक के सैकड़ों समर्थक भी उनकी एक झलक पाने को बेताब दिखे।