बूढ़नपुर में जगह-जगह कूड़े का ढेर
बूढ़नपुर (आजमगढ़ ) : स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत में कुछ दिनों तक संबंधित अधिकारयों, कर्मचारियों ने
बूढ़नपुर (आजमगढ़ ) : स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत में कुछ दिनों तक संबंधित अधिकारयों, कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया जरूर था लेकिन अब हालात जस के तस हो गए हैं। बूढ़नपुर के आस-पास के इलाकों में जगह-जगह कूड़े का ढेर अब भी दिखाई दे रहे हैं। कभी भी कूड़ा उठता नहीं दिखाई देता। इससे लोगों की दीपावली कूडे़ के बीच मनती दिखाई दे रही है।
सबसे चौकाने वाली बात तो यह रही कि मंगलवार को तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी, सीडीओ सभी लोग आए थे। ब्लाक कोयलसा व अहरौला के लोहिया गाव की जाच भी किया। दोनों गावों में जाने का मार्ग भी यही था। उसके बाद भी सड़क किनारे पर जमा कूड़े को उठाया नहीं गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सफाई कर्मी काम के प्रति कितने जिम्मेदार हैं। कूड़ा बूढ़नपुर चौराहे पर शाहगंज जाने वाले रोड के किनारे ही डाला जाता है। इससे मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को नाक पर रुमाल रखकर तेजी से कदम बढ़ाते हुए देखा जा सकता है। इस कारण वहा रुकना मुश्किल है। एक किलोमीटर के दायरे में पाच जगहों पर कूड़े का ढेर सफाई कर्मियों को नहीं दिखाई देती। स्थानीय लोग कई बार सफाई कर्मियों की शिकायत विकास खंड कार्यालय से कर चुके हैं। असर केवल इतना ही हुआ कि सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की बजाए कम कर दी गई। प्रधान बूढ़नपुर अमित कुमार सिंह नें काफी लड़ाई के बाद सफाई कर्मियों की संख्या पाच तक पहुंचाई थी, जो फिर दो पर ही पहुंच गई है। उसमें से भी एक ब्लाक मुख्यालय पर ही दिन भर रहता है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि शाहगंज रोड, इलाहाबाद बैंक के आसपास, फैजाबाद जाने वाले मार्ग के किनारे, रोडवेज बूढ़नपुर, महाविद्यालय कोयलसा जाने वाले रोड पर कई दिनों से कूड़े का ढेर लगा हुआ है।
दुकानदार प्रदीप यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता अभियान शुरू किए जाने के बाद लगा कि शायद अब सफाई कर्मियों की आखें खुले और वे भी कुछ शर्म कर सफाई करें लेकिन ऐसा कुछ भी नही हुआ।