शिक्षक के घर से दो लाख की चोरी
बिंद्राबाजार (आजमगढ़) : गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर रजमो गाव में शनिवार की रात शिक्षक के घर में घुसकर चोर नकदी समेत दो लाख का जेवरात उठा ले गए। रविवार की सुबह टूटे हालत में गाव के सिवान में बक्सा व अटैची मिला। रानीपुर रजमों गाव निवासी व पेशे से शिक्षक श्रीकृ ष्ण सिंह पुत्र स्व. चंद्रिका के परिवार के सदस्य गर्मी के चलते बरामदे में सोए थे। रात में चोर पीछे से छत पर चढ़ गए और सीढ़ी के रास्ते अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखा चार बक्सा, दो अटैची व दो बैग उठा ले गए। रविवार की सुबह श्रीकृष्ण की पत्नी सो कर उठी और दरवाजा खोलने का प्रयास की। दरवाजा न खुलने पर उसने अपने पति को जगाया। श्रीकृष्ण अंदर से दरवाजे में बाधे गए गमछे को किसी तरह काटा और घर में देखा कि पूरा सामान बिखरा है। उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग पीड़ित के घर पहुंचे। ग्रामीणों ने घर से कुछ दूर पर गन्ने के खेत में टूटे हालत में बक्सा व अटैची देखा। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। इस संबंध में पीड़ित द्वारा तहरीर दे दी गई है। पीड़ित के अनुसार चोरों के हाथ तीन हजार नकदी समेत दो लाख कीमत के जेवरात लगे हैं।