ट्रांसफार्मर बदलने के लिए किया रास्ता जाम
जीयनपुर (आजमगढ़) : एक माह से जले ट्रांसफार्मर के न बदलने से नाराज आराजी देवारा नैनीजोर नई बस्ती के ग्रामीणों ने रौनापार जाने वाले रास्ते को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रकट किया। गांव के कुछ संम्भ्रात लोगों के समझाने के बाद ग्रामीण माने। बता दें कि हरैया ब्लाक के आराजी देवारा नैनीजोर नई बस्ती का ट्रांसफार्मर विगत एक माह से जला हुआ है। जिससे धान की फसल बर्बाद हो रही है। लोगों का मोबाइल तक चार्ज तक नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण चंदा जुटाकर बिजली विभाग के जेई को दस हजार रुपया भी दे चुके हैं। इसके बाद भी जेई द्वारा हीलाहवाली की जा रही है। ग्रामीण रोजाना उपकेन्द्र का चक्कर लगाते लगाते थक गये हैं।
इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ रविवार को सड़क पर उतर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि अगर एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो जिले पर चलकर जिलाधिकारी का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में भीम राज साहनी, पूर्व प्रधान फूलमती, सुशीला, महेन्द्र, राहुल, प्रमोद, झिन्नू साहनी, रामकेवल, मोती चंद, वृज राज साहनी, मिन्टू यादव, लाल विहारी, चन्द्रभान साहनी, रामप्यारे साहनी, भानमती आदि शामिल थे।