श्रम मंत्री के समक्ष कर्मचारियों ने उठाई मांगे
आजमगढ़ : बालश्रम विद्यालय कर्मचारी कल्याण समिति के कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल श्रम मंत्री भारत सरकार विष्णुदेव राय से उनके आवास लोधी स्टेट नई दिल्ली पर जाकर मिला और अपनी दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान श्रम मंत्री ने समिति की समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया।
इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी दस सूत्रीय मांगों, बकाया मानदेय, स्पेशल ट्रेनिंग सेंटर में समायोजन मानदेय बढ़ोत्तरी इत्यादि समस्याओं के बारे में श्रममंत्री को अवगत कराया। कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व समिति के अध्यक्ष राम प्यारे यादव व संरक्षक फील्ड आफिसर संजय कुमार पांडेय ने किया। श्रममंत्री विष्णुदेव ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को प्रधानमंत्री को अवगत कराते हुए जल्द से जल्द कर्मचारियों के समस्याओं का निदान करवाया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि एनसीएलपी परियोजना बंद नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर श्रम मंत्रालय भारत सरकार भी पहुंचे वहां श्रम मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के कार्यालय में पत्रक दिया तथा संयुक्त सचिव, अनुसचिव श्रम मंत्रालय भारत सरकार को अपनी दस सूत्रीय मांगों का पत्रक दिया तथा कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय पर भी पत्रक दिया। इस मौके पर रामप्यारे यादव अध्यक्ष, बालश्रम विद्यालय कर्मचारी कल्याण समिति संरक्षक संजय कुमार पांडेय, पंकज राय, लक्ष्मण, संजय, सुदामा, रमाकांत, स्नेहलता, रंजना सिंह, श्रीकांत, अतुल कुमार, उमेश, विजय, रविंद्र, कैलाश गोंड आदि उपस्थित थे।