नवरात्र के अंतिम दिन लगा श्रद्धा का मेला
औरैया, रिपोर्टर : शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन मंदिरों में श्रद्धा का ऐसा सैलाब उमड़ा जो देर रात तक थामे नहीं थमा। भोर पहर से ही नवमी के दिन मां सिद्धादात्री की पूजा अर्चना के लिए मंदिरों के घंटे बजने लगे। मंदिरों में जवारे, झंडे व घंटे चढ़ाने की होड़ सी लगी। शहर सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में स्थित देवी मंदिरों में कन्या भोज कराया गया।
मां दुर्गा की नौवीं शक्ति मां सिद्धादात्री हैं। स्वयं भगवान महादेव ने शक्ति स्वरूपा देवी की उपासना करके सभी सिद्धियां प्राप्त की थी। नवमी पर भक्ति का ऐसा समंदर उमड़ा जो थामे नहीं थमा। मां मंगलाकाली के दरबार में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। सुबह पूर्व पालिकाध्यक्ष अरविंद शुक्ला व राहुल दुबे द्वारा हवन का आयोजन किया गया। इसमें एडीएम लालमणि व सीओ सिटी विद्यासागर मिश्र ने भी आहुति दी। हवन के बाद भण्डारे का आयोजन किया गया। नरायनपुर स्थित गमा देवी मंदिर में देवी मां को 56 भोग के व्यंजनों का भोग लगाया गया। हवन का आयोजन हुआ। इस मौके पर अखिलेश सक्सेना, सुशील गुप्ता, भीमसेनी आदि मौजूद रहे। बड़ी माता मंदिर में एडवोकेट आनंद दुबे ने हवन पूजन कर अनुष्ठान किया। कन्याभोज कराया गया। भूतेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी। कन्या भोज कराकर श्रद्धालुओं ने मां से आशीर्वाद लिया। दिबियापुर में जगह -जगह राहगीरों ने प्रसाद वितरण कराया। प्राचीन महामाई मंदिर पर भक्तों का तांता लगा रहा। सुरक्षा के लिए दिबियापुर थानाध्यक्ष मय फोर्स के साथ डटे रहे। रामकृष्ण नगर में राम अवतार पोरवाल तो वहीं फफूंद चौराहे पर राकेश गुप्ता आदि ने प्रसाद वितरण कराया। अछल्दा में नहर बाजार स्थित महामाई मंदिर, हरीगंज स्थित दुर्गा देवी मंदिर, केला देवी मंदिर पर भक्तों की भीड़ उमड़ी। गेल गांव स्थित सर्वेश्वर मंदिर एवं इन्द्रधनुष क्लब में आयोजित दुर्गा पूजा में अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर