पूर्व विधायक डॉ. महेश वर्मा का निधन
बिधूना (औरैया) : पूर्व विधानसभाध्यक्ष धनीराम वर्मा के पुत्र व बिधूना के पूर्व विधायक डा. महेश वर्मा का कानपुर में अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में कोहराम मच गया।
कई शिक्षण संस्थाओं से जुड़े 50 वर्षीय डा. महेश वर्मा पिता धनीराम द्वारा इस्तीफा दिये जाने पर उपचुनाव में बिधूना विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर विधायक चुने गये थे। गुरुवार शाम अचानक उनके निधन की खबर क्षेत्र में पहुंची तो लोग स्तब्ध रह गये। जिसने भी सुना, उसे अपने कानों पर विश्वास नहीं हुआ। पैत्रक गांव पुरवा सुजान में मौजूद उनके पिता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धनीराम वर्मा ने जब यह खबर सुनीं तो वह अवाक रह गये, जबकि मां रामदेवी बदहवास हो गयीं। अपने पुत्र की झलक देखने के लिए कानपुर कूच कर गयीं। महेश वर्मा के विद्यालयों में जैसे ही जानकारी हुई तो विद्यालय प्रबंधतंत्र गहरे शोक में डूब गया। राजनीतिक गलियारे में भी शोक छाया रहा। विधायक प्रमोद गुप्त एलएस, विधायक प्रदीप यादव, सपा जिलाध्यक्ष चौ.रामबाबू यादव, विधायक सुखदेवी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष मुहम्मद इरशाद, विधायक उमर्दा विजय बहादुर पाल, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, सत्यदेव त्रिपाठी, सतीश पाल, विनय शाक्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकुमार अवस्थी, भाजपा नेत्री गीता शाक्य, ब्लाक प्रमुख अजीत दिवाकर, गोविंद सिंह भदौरिया, राजेश चौहान, जनमेजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य रचना सिंह सहित तमाम नेताओं ने श्री वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर