बीएलओ व पल्स पोलियो का बहिष्कार करेंगी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां
औरैया, जागरण संवाददाता : जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आंदोलन समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है
औरैया, जागरण संवाददाता : जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आंदोलन समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक कड़ाई के बावजूद आंगनबाड़ियों का आंदोलन दिन प्रतिदिन बढ़ता ही चला जा रहा है। शनिवार को ककोर स्थित कलेक्ट्रेट पहुंच कर कार्यकत्रियों ने प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण व पल्स पोलियो का भी बहिष्कार किया जाएगा।
ब्लाक अध्यक्ष ज्योत्सना व सुमन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सुबह से ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री जिलाधिकारी कार्यालय के सामने मैदान पर पहुंच गईं। उन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री के अभिनंदन समारोह में उन्हें 17 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया गया था। इस पर उनके द्वारा चरणबद्ध तरीके से मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा घोषित मानदेय देने के अतिरिक्त उनकी किसी भी मांग को आज तक पूरा नहीं किया गया है। बीच-बीच में दर्जनों बार धरना प्रदर्शन भी किए गए। उन्होंने कहा कि अब निर्णायक लड़ाई शुरू की गई है। इसे अब मांगे पूरी होने के बाद ही आंदोलन खत्म किया जाएगा। कहा कि चुनाव से पूर्व समस्याओं का समाधान कर हमें समाज में सम्मान के साथ जीने का हक दिया जाए। सरला, चन्द्रकांती, शीला, ममता सक्सेना, ऊषा, रमा देवी, नीलम आदि आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद रहीं।