बुढ़वा मंगल पर सजे हनुमान मंदिर
औरैया, जागरण संवाददाता : जनपद भर में बुढ़वा मंगल पर्व पर हनुमान मंदिरों में झांकी सजाई गई। जिसके दर्
औरैया, जागरण संवाददाता : जनपद भर में बुढ़वा मंगल पर्व पर हनुमान मंदिरों में झांकी सजाई गई। जिसके दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त जुटे। जगह-जगह पुआ व लड्डू का प्रसाद चढ़ाया गया। शहर स्थित संकट मोचन मंदिर व संकट हरण मंदिर पर भी हजारों की संख्या में भक्तों ने पहुंचकर नयनाभिराम झांकी के दर्शन किए।
शहर स्थित संकट मोचन मंदिर पर भव्य झांकी सजाई गई थी। करीब शाम 6 बजे के बाद झांकी खोली गई और महा आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद भक्तों का तांता शुरू हो गया, जो देर रात तक चलता रहा। वहीं मंदिर कमेटी के आनंद गुप्ता, प्रकाश चंद्र विश्नोई, प्रमोद ठेकेदार, सुभाष तिवारी, बुल्ली तिवारी, अंकुर शुक्ल आदि लोग व्यवस्था संभाले हुए थे। वहीं देर रात तक भक्तों के आने का तांता लगा रहा। महोविया टोला स्थित संकट हरण मंदिर पर भी भव्य झांकी सजाई गई। शाम को पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि लालजी शुक्ल ने भगवान की आरती कर आम भक्तों के लिए झांकी को खोला। इस बार मंदिर में विशेष झांकियां सजाई गई हैं जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्तों का तांता लगा रहा। इसके अलावा नगर के भूतेश्वर मंदिर, बैहन टोला स्थित संकट हरण मंदिर, संजय गेट स्थित हनुमान मंदिर पर भी भव्य झांकियां सजाई गईं। जहां पर भक्तों ने पहुंचकर मत्था टेका। आवास विकास स्थित वैभव हनुमान मंदिर पर दोपहर को विशाल दंगल का आयोजन किया गया जिसकी शुरूआत पूर्व प्रधान क्योंटरा पूरन पांडेय व डा. उमाशंकर वर्मा ने की। जिसमें आसपास के जनपदों से आए पहलवानों ने जोर आजमाईश की। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सेदारी की। जिला अस्पताल स्थित हनुमान मंदिर पर भी रामचरित मानस का पाठ हुआ। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया। डा. अरुण तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
दिबियापुर संवाद सूत्र के अनुसार : सेहुद स्थित हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल पर विशाल मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का तांता शुरू हो गया और दोपहर तक भगवान हनुमान के दर्शन के लिए लंबी-लंबी लाइनें देखी गयीं।
बिधूना संवाद सहयोगी के अनुसार : कस्बे के हनुमान मंदिरों पर घंटे व झंडे आदि चढ़ाए जाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया।
अनंतराम संवादसूत्र के अनुसार : क्षेत्र के सभी हनुमान मंदिरों में भक्तों ने झंडा प्रसाद व चोला चढ़ाया। सुबह से ही मंदिरों में लंबी-लंबी कतारें दिखाई दीं।
फफूंद संवाद सूत्र के अनुसार : कस्बा स्थित महावीर धाम में संकट मोचन सेवा समिति द्वारा अखंड पाठ का आयोजन हुआ। हवन पूजन का आयोजन किया गया। इस बार फूलों व विद्युत झांकी सजाई गई थीं जिसकी वजह से मंदिर की छटा ही अलग दिख रही थी। वहीं दूसरी ओर नगर के अन्य मंदिरों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सेदारी की।