महिला की गला घोट कर हत्या
औरैया, जागरण संवाददाता : शहर कोतवाली क्षेत्र में नगर के मोहल्ला नया तिलकनगर में एक विवाहिता की गला द
औरैया, जागरण संवाददाता : शहर कोतवाली क्षेत्र में नगर के मोहल्ला नया तिलकनगर में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। महिला के शव के आसपास गृहस्थी का सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों ने कहा कि बदमाशों ने लूट के दौरान महिला की हत्या कर दी। हालांकि प्राथमिक जांच में ही पुलिस को महिला के पति व अन्य परिजनों पर हत्या करने का संदेह हुआ। संदेह के आधार पर पुलिस ने पति व देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
मोहल्ला निवासी विष्णु कांत दुबे (मूल निवासी पुखराया) शहर में चाऊमीन इत्यादि खाद्य पदार्थों की ठिलिया लगाता है। कुछ समय पहले उसने सैनिक कालोनी स्थित अपना प्लाट डेढ़ लाख रुपए में बेचा था। रविवार की रात वह करीब 10.45 बजे घर पहुंचा तो मुख्य द्वार खुला मिला। वह अंदर गया तो जमीन पर बिखरे पड़े कपड़ों व अन्य सामान के बीच उसकी पत्नी उमा देवी का शव पड़ा मिला। कमरे के हालात देखकर उसके होश उड़ गए। उसने फोन से दिल्ली में रह रहे अपने भाई लक्ष्मी चन्द्र को सूचना दी। विष्णुकांत के मुताबिक जब वह घर में आया तो मुख्य द्वार खुला था। जबकि जीने का दरवाजा बंद था। सुबह करीब साढ़े छह बजे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लूट के दौरान हत्या की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन -फानन में कोतवाल विक्रमाजीत ¨सह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर में पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी भी मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने गहनता से छानबीन की तो उन्हें लूट के दौरान हत्या की बात पर संदेह हुआ। पुलिस के संदेह की प्रमुख वजह यह थी कि आखिर मृतका के पति ने 11 बजे से लेकर सुबह साढ़े छह बजे तक पुलिस को इतनी बड़ी वारदात की जानकारी क्यों नहीं दी। उधर घर में मिले साक्ष्य भी दूसरी ही कहानी की ओर इशारा करते नजर आए। विष्णुकांत ने पूछताछ में बताया कि वह उमा को बिहार से ले आया था और यहां शादी की औपचारिकता कर पत्नी की तरह रख रहा था। इस दौरान उसके एक पुत्र भी हुआ जो अब डेढ़ साल का है। मोहल्ले में वह एक माह पहले ही किराए के मकान में रहने आया था। उसका कहना है कि कुछ समय पहले उसने सैनिक कालोनी स्थित अपना एक प्लाट डेढ़ लाख रुपए में बेचा था और रुपए घर पर ही रखे थे। वारदात के दौरान बदमाश यह रुपए लूट ले गए। हालांकि पुलिस को विष्णु कांत द्वारा बताई कहानी पर यकीन नहीं हो रहा है। पुलिस को संदेह है कि महिला के पति ने ही अपने भाई के साथ मिलकर दहेज के लिए उसकी हत्या की है। घटना की जानकारी महिला के बिहार में रहने वाले परिजनों को फोन से दी गई है। फिलहाल पुलिस महिला के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। शव कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। महिला के पति व देवर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है जल्द ही घटना का खुलासा होगा।