दिन भर बदली, दोपहर में बरसीं फुहारें
औरैया, जागरण संवाददाता : मौसम की बेरुखी जनपद में कम होने का नाम नहीं ले रही है। उमस भरी गर्मी से लोग
औरैया, जागरण संवाददाता : मौसम की बेरुखी जनपद में कम होने का नाम नहीं ले रही है। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। सोमवार को पूरे दिन आसमान में काले- काले बादल तो छाए रहे, लेकिन दोपहर में ढाई बजे के करीब मामूली बूंदाबादी होने के साथ मौसम सुहाना हो गया। हालांकि जनपद के कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई है।
पिछले दो दिनों से आसमान में सुबह से ही काले बादल तो छा जाते हैं, लेकिन बारिश होती नहीं दिखाई दे रही है। सोमवार को भी पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। शाम के समय छुटपुट बूंदाबांदी के अलावा कुछ नहीं हुआ। हालांकि तापमान में गिरावट देखी गई। बारिश के बाद चली हवाओं से मौसम सुहाना हो गया था। हालांकि बादल छाए रहने से पूरे दिन लोग उमस भरी गर्मी से जूझते दिखाई दिए। स्थिति यह थी कि लोग कूलर पंखा में बैठने के बावजूद पसीना, पसीना होते देखे गए। हालांकि 2 बजे के बाद बारिश के साथ चली ठंडी हवा ने राहत प्रदान की। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं हवा की गति सुबह के समय छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही। जबकि शाम को हवा चार किलोमीटर प्रति घंटा रह गई। आर्द्रता 80 फीसद के आसपास रिकार्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक डा. संदीप कुमार ¨सह का कहना है कि वर्तमान में बारिश की पूरी संभावना है। उनका कहना है कि आज रात में भारी वर्षा की संभावना बताई जा रही है। वहीं जनपद में दो दिन और इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। उनका कहना था कि किसान धान की फसल को छोड़कर अन्य फसलों की बुआई पर ध्यान दें।