बारिश से अतिक्रमण हटाओ अभियान पर ब्रेक
औरैया, जागरण संवाददाता : शहर में पालिका प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान दो दिन से न
औरैया, जागरण संवाददाता : शहर में पालिका प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान दो दिन से नहीं चला। विभागीय अधिकारी इसका कारण बारिश बता रहे हैं। जबकि लोगों का कहना है कि अब शायद ही शहर में अभियान चलाया जाए।
पालिका प्रशासन द्वारा 23 जून से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की थी। छह दिन अभियान इटावा रोड, जालौन रोड, मंडी समिति के सामने अभियान चलाया गया। इसके बाद दो दिन शहर में लगे बैनर, पोस्टर को ही हटाया गया। रविवार को अवकाश होने की वजह से अभियान शुरू नहीं हो सका, लेकिन सोमवार व मंगलवार को लगातार दो दिन तक अभियान नहीं चलाया गया। पालिका अधिकारियों का कहना है कि अभियान चलने के समय बारिश शुरू हो जाने से अभियान नहीं चल पा रहा है। उनका कहना था कि मौसम खुलते ही अभियान फिर शुरू कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर शहर के व्यापारी व दुकानदारों द्वारा अब अभियान न चलने का कयास लगाया जाने लगा है। जिसका परिणाम है कि अभियान की सुगबुगाहट से जिन लोगों ने अपना अस्थाई अतिक्रमण हटा लिया था। वह फिर अपनी पुरानी जगह पर दिखाई देने लगे हैं। इस संबंध में पालिका के अधिशासी अधिकारी रमेश चन्द्र शर्मा का कहना है कि यदि मौसम खुल जाता है तो बुधवार से फिर अभियान चलाया जाएगा।