जिसके विरोध में लगाया जाम, उसने खिलाई मिठाई
औरैया, जागरण संवाददाता : जिनके खिलाफ जमीन कब्जाने का आरोप लगाकर ब्राह्मण महासभा लगातार संघर्ष कर रही
औरैया, जागरण संवाददाता : जिनके खिलाफ जमीन कब्जाने का आरोप लगाकर ब्राह्मण महासभा लगातार संघर्ष कर रही थी, उन्हीं से मिठाई खाकर लौट आई। शुक्रवार को हाईवे पर जाम लगाने पहुंची महासभा ने चंद मिनटों में ही जाम हटाने की घोषणा कर दी। इसे देखकर तो ऐसा लगा मानो किसी फिल्मी सीन की शूटिंग चल रही हो। एनएच 2 पर एक प्लाट को लेकर ब्राह्मण महासभा ने शुक्रवार को हाईवे पर चक्का जाम किया था। दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अंजनी त्रिपाठी पदाधिकारियों के साथ हाईवे पर पहुंचे और थोड़ी देर के लिए जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए। इसी बीच विरोधी पक्ष एवं सपा नेता दीपू सिंह समर्थकों के साथ अपने प्रतिष्ठान से निकले और प्रदर्शन कर रहे ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों के पास पहुंचे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दोनों ओर खलबली मच गई। सपा नेता दीपू सिंह ने चक्का जाम कर रहे लोगों को माला पहनाई और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस दौरान सपा नेता ने ब्राह्मण महासभा के संघर्ष की सराहना की। सपा नेता दीपू सिंह ने बताया कि जिस जमीन का उन्होंने बैनामा कराया है वह उन्हें मिल जाए। इसके बाद दीपू सिंह भी धरने पर बैठ गए। कुछ समय बाद चक्का जाम को समाप्त करने की घोषणा की गई। वहां मौजूद पुलिस कुछ सोच पाती कि इससे पहले ही जाम खुल गया। इस दौरान परशुराम सेना के मंडल अध्यक्ष कमलेश चौबे, शिब्बू अवस्थी , मोहित त्रिवेदी, मानव सेवा प्रकल्प के सुनील बाल्मीकि, हरी सक्सेना आदि मौजूद रहे।