दो दिन बाद निकली धूप, मिली राहत
औरैया, जागरण संवाददाता : दो दिन बारिश व बादल छाए रहने के कारण धूप न निकलने से आम आदमी परेशान था। सोम
औरैया, जागरण संवाददाता : दो दिन बारिश व बादल छाए रहने के कारण धूप न निकलने से आम आदमी परेशान था। सोमवार को दोपहर बाद निकली धूप से लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि शीतलहर का प्रकोप तीसरे दिन भी जारी रहा और लोग अलाव चिपकने के लिए मजबूर हो गए।
शीतलहर के चलते न्यूनतम व अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट चल रही है। वहीं बादलों का रुख भी आज तीसरे दिन भी खराब दिखाई दिया। दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहने से धूप की लुकाछिपी जारी रही। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद धूप ने अपना असर दिखाना शुरू किया तब जाकर लोगों को राहत मिली। लगातार तीन दिन से जनपद के लोग ठंड का कहर झेल रहे हैं, लेकिन अभी तक कहीं भी अलाव जलना शुरू नहीं हुए हैं। जिलाधिकारी द्वारा नगर पंचायत व नगरपालिका को अलाव जलाने के आदेश तो दे दिए हैं, लेकिन अभी तक किसी भी नगर पंचायत व नगरपालिका ने अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू नहीं की है।
मौसम विभाग के अनुसार जनपद में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं हवा की गति भी चार किलोमीटर प्रति घंटा रही। वहीं आर्द्रता में भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम वैज्ञानिक डा. संदीप कुमार सिंह का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में गिर रही बर्फ के चलते अभी एक हफ्ते तक शीत लहर का कहर रहेगा। वहीं आसमान में बादल भी छाए रहेंगे।