सड़कों को ही बना डाला कूड़ा घर
औरैया, जागरण संवाददाता : एक ओर पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के
औरैया, जागरण संवाददाता : एक ओर पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के दर्जन भर से अधिक अस्थायी कूड़ाघर पालिका द्वारा सड़कों पर ही बना दिए गए हैं। कहने को तो सुबह 10 बजे तक सभी जगहों से कूड़ा उठवा लिया जाता है, लेकिन हकीकत यह है कि यहां से कूड़ा कभी साफ ही नहीं होता है।
पालिका द्वारा शहर भर में 20 अस्थायी कूड़ाघर हैं, जिनमें शहर भर के सफाई कर्मी कूड़ा एकत्र करते हैं। बाद में लोडर द्वारा यह कूड़ा भरवाकर शहर के बाहर फेंक दिया जाता है। यह कूड़ाघर शहीद पार्क सड़क पर, भारतीय विद्यालय के सामने, ब्रह्मानगर में वर्फ फैक्ट्री के बगल में, जमालशाह तिराहा, गोविंद नगर, द्विवेदी गेस्ट हाउस, नरायनपुर तिराहा हैं। सभी कूड़ाघर सड़कों पर स्थित हैं। मात्र एक कूड़ाघर ऐसा है जो पुराने नुमाइश मैदान पर स्थित है। यहां पर पालिका द्वारा 10 बजे के करीब कूड़ा तो भरवा लिया जाता है, वहीं कूड़ा भरने में लोडर का प्रयोग होता है। जिसके चलते कूड़े के अवशेष शेष रह जाते हैं, वहीं कई सफाई कर्मी कूड़ा उठने के बाद ही वहां कूड़ा पटक जाते हैं। जो पूरे दिन सड़कों पर बिखरा रहता है। आवारा जानवर उस कूड़े को पूरी सड़क पर बिखेर देते हैं जिससे आसपास के क्षेत्र में गंदगी का साम्राज्य दिखाई देता है। हालांकि पालिका अधिकारियों का कहना है कि कूड़ा ट्रैक्टर में भरते समय सफाई का ध्यान रखा जाता है। इसके लिए ट्रैक्टर पर सफाई कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाती है। वहीं दूसरी ओर इन कूड़ाघरों को हटवाने के लिए कई बार जनता द्वारा मांग भी की जा चुकी है, लेकिन जगह के अभाव में यह कूड़ा घर वहीं पर चल रहे हैं।
क्या कहते हैं लोग
शहर निवासी राजेश का कहना है कि सफाई कर्मियों को यह निर्देश दिए जाने चाहिए कि कूड़ा उठने के बाद कोई भी सड़कों पर कूड़ा नहीं डालेगा जिससे दोनों व्यवस्थाएं संचालित बनी रहेंगी।
..........
शहर निवासी बबलू का कहना है कि बाजार में बने कूड़ा घर दुकानदारों के लिए वर्षो से मुसीबत बने हुए हैं। उनका कहना था कि हवा चलने पर कूड़ा उड़कर दुकानों पर भरता है।
..........
व्यापारी मुकेश का कहना है कि पालिका को कूड़ा घर के लिए स्थायी भूमि देखनी चाहिए जिसका चहारदीवारी कराकर निर्माण कराया जा सके। यदि कूड़ा शेष भी रह जाए तो लोगों को परेशानी न हो।
............
क्या कहते हैं जिम्मेदार
कूड़ा घर के स्थायी समाधान की व्यवस्था की जा रही है। सभी सफाई कर्मियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि समय से कूड़ा घरों में कूड़ा डाल जाएं जिससे किसी को परेशानी न हो। यदि कूड़ा उठने के बाद कूड़ा डाले जाने की शिकायत है उसे दिखाया जाएगा।
लालजी शुक्ल, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि।