सड़क हादसों में महिला समेत किशोरी घायल
औरैया, जागरण संवाददाता : कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में महिला व किशोरी गंभीर रूप
औरैया, जागरण संवाददाता : कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में महिला व किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहली घटना सुभाष चौक के निकट हुई। कानपुर देहात के अमराहट थाना क्षेत्र के गांव बीबनपुर निवासी सीता देवी (35) अपने पति अशोक के साथ शहर आई थी। वाहन से उतरने के बाद दोनों पैदल बाजार की ओर जाने लगे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने सीता को टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक अन्य दुर्घटना मुहल्ला गोविंदनगर में हुई यहां साइकिल चला रही मुहल्ला निवासी प्रदीप की 11 वर्षीय पुत्री वाहन की चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़ी। घायलावस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज : मुहल्ला गोविंदनगर निवासी संजीव दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात मैजिक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी पत्नी मंजू को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना 23 सितंबर की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।