शहर में बदला मौसम का मिजाज
औरैया, जागरण संवाददाता : चक्रवाती तूफान हुदहुद का असर मौसम पर पड़ा है। पिछले चौबीस घंटे में मौसम का म
औरैया, जागरण संवाददाता : चक्रवाती तूफान हुदहुद का असर मौसम पर पड़ा है। पिछले चौबीस घंटे में मौसम का मिजाज बदल गया है। जहां उमस से लोग परेशान थे तो वहीं अब तेज हवा चलने से लोगों को ठंड का शुरुआती एहसास हो गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मंगलवार को हवा की रफ्तार और तेज होगी साथ ही बारिश की भी संभावना है।
उड़ीसा के तटीय इलाकों से उठ रही तेज हवाओं के रुख ने पश्चिम की ओर अपना मुख मोड़ दिया है। इसी का नतीजा है कि औरैया जिले में सोमवार को तेज हवा के साथ -साथ बदली छाई रही। सुबह से ही हवा में ठंडक दिखी। वहीं दोपहर में बूंदाबांदी होने से लोग मौसम के बदले मिजाज पर अचरज जताते दिखे। सुबह हवा की रफ्तार बीस किलोमीटर प्रति घंटा रही तो वहीं मौसम विभाग का कहना है कि रात में इसकी रफ्तार 22 से 24 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी। वहीं करीब 3.2 मिमी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को हवा की रफ्तार 28 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यदि रफ्तार कायम रही तो बारिश होगी। वहीं हवा की रफ्तार कम होने पर बारिश नहीं होगी। उन्होंने बताया कि मौसम का यह हाल 16 अक्टूबर तक रहेगा। उसके बाद आसमान साफ होगा।