या देवी सर्व भूतेषु मातृ रूपेण संस्थिता..
औरैया, जागरण संवादददाता : शारदीय नवरात्र के 5वें दिन सोमवार को देवी भक्तों ने मां के पांचवें स्वरूप
औरैया, जागरण संवादददाता : शारदीय नवरात्र के 5वें दिन सोमवार को देवी भक्तों ने मां के पांचवें स्वरूप माता स्कंद का पूजन अर्चन किया। भक्तों ने देवी मंदिरों पर जाकर मत्था टेका। देवालयों में पूरे दिन माता के जयकारे गूंजते रहे। वहीं जनपद भर में देवी जागरणों का भी दौर शुरू हो गया है।
सुबह घरों में महिलाओं व पुरुषों ने माता स्कंद का पूजन अर्चन किया। वहीं घरों में देवी गीतों का आयोजन भी शुरू हो गया है। आस्था का प्रतीक मां मंगला काली के दरबार में भी देवी भक्तों के अद्भुत नजारे देखने को मिले। कोई नंगे पैर नाचते गाते हुए मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। वहीं कई भक्त झंडे व घंटे लेकर मां के दरबार में पहुंचे। मंदिर में बड़ी संख्या में लोगों ने मुंडन व अन्न प्रासन्न संस्कार संपन्न कराए। फूलमती मंदिर पर कमेटी द्वारा मां की भव्य झांकी सजाई गई है। सुबह से ही देवी भक्तों ने पहुंच कर मां के दर्शन किए। बड़ी माता मंदिर पर धार्मिक आयोजनों का क्रम लगातार जारी है। श्रद्धालुओं द्वारा हवन का आयोजन भी किया गया। शहर में जगराते के कार्यक्रम भी शुरू हो गए हैं। दिबियापुर स्थित महामाई मंदिर पर भी हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंच कर मां के दरबार में मत्था टेका। वहीं मंदिर में घंटे व झंडे चढ़ाने का क्रम भी देर रात तक चलता रहा। वहीं कंचौसी में दुर्गा जागरण समिति द्वारा मां का दरबार सजाया गया।