भगवती दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़
औरैया, जागरण संवाददाता : शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां भवानी के दर्शन को लेकर मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी। घरों में भी पूजा अर्चना की गई तो वहीं जगह -जगह अनुष्ठान हुए। भीड़ के चलते मंदिरों के बाहर यातायात व्यवस्था भी बाधित रही।
औरैया नगर के प्रसिद्ध मंदिर देवकली, मां मंगला काली, फूलमती मंदिर, गमा देवी, आवास विकास स्थित काली देवी मंदिर, जेसीज चौराहा स्थित काली देवी मंदिर आदि में सुबह से ही भक्तों की भीड़ मां के दर्शन के लिए पहुंची। ध्वजा, नारियल व चुनरी चढ़ाकर मां से आशीर्वाद मांगा गया। देर शाम तक मंदिरों में आस्था के सैलाब उमड़ा दिखाई पड़ा।
फफूंद संवाद सूत्र के अनुसार - क्षेत्र के देवी मंदिरों में माता के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। प्रसिद्ध महावीर धाम, कायस्थान स्थित वकील साहब का मंदिर, कटरा मनेपुर स्थित देवी मंदिर, दया लक्ष्मी मंदिर, राम जानकी मंदिर, मां काली मंदिर पर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। शुक्रवार को मां काली के मंदिर पर भव्य मेला लगा। जिसमें लोगों ने खरीदारी की।
दिबियापुर संवाद सूत्र के अनुसार - नगर के ऐतिहासिक महामाई मंदिर में लोगों ने दर्शन किए। वहीं औरैया मार्ग स्थित पूरन चन्द्र पोरवाल के दरवाजे पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के बाद विधायक प्रदीप यादव ने पूजा अर्चना की। वहीं लोहियानगर में भी विधायक ने मूर्ति स्थापना कर पूजा अर्चना की। सेहुद स्थित मंदिर तथा गेल गांव के सर्वेश्वर मंदिर में भी लोगों ने पूजा अर्चना की।