27 कालेजों का बोनस लंबित होने पर बिफरे
औरैया, जागरण संवाददाता : 27 कालेजों का बोनस लंबित होने से बिफरे शिक्षणेतर कर्मचारियों ने रविवार को बैठक कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। समस्याओं की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए पदाधिकारियों ने आरपार की लड़ाई का ऐलान किया।
जनता इंटर कालेज असेनी में हुई बैठक में शिक्षणेतर कर्मचारियों से जुड़ी समस्याएं बुलंद की गई। प्रांतीय संरक्षक वीरेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 2012-13 का बोनस 27 विद्यालयों का आज तक भुगतान नहीं किया गया है। इसको लेकर आंदोलन छेड़ा जाएगा। शिव इंटर कालेज टिड़वा याकूबपुर के सफाई कर्मचारी रमेश चन्द्र ने समस्याएं रखते हुए बताया कि उनकी नियुक्ति एक अक्टूबर 2002 में हुई थी, लेकिन विद्यालय प्रशासन द्वारा जीपीएफ की कटौती नहीं की जा रही है। राम मोहन सविता व अभिषेक सिंह ने चौधरी रघुनंदन सिंह इंटर कालेज राहतपुर के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र त्रिपाठी के संबंध में 21 मई को जन सूचना अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा अब तक उपलब्ध न कराए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान समारोह भगवानदास इंटर कालेज हरचन्दपुर में कराने का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने लंबित समस्याओं पर रोष जताया। जिला महामंत्री उत्तम कुमार शुक्ला ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। विद्यालय के प्रबंधक राम बल्लभ तिवारी, प्रधानाचार्य राम अवतार पाल, कोषाध्यक्ष उमेश तिवारी, मनीष यादव, छंगे लाल शर्मा, विद्याराम, बसंत लाल शर्मा, कुलदीप तिवारी मौजूद रहे।