उमस व तपिश से बढ़ी घुटन, लोग बेहाल
औरैया, जागरण संवाददाता : सूरज के तेवर तल्ख होने से लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। उमस और तपिश ने इस कदर घुटन बढ़ा दी है कि आम जन बेहाल हैं। पशु पक्षियों के लिए भी खासी परेशानी बढ़ गई है। कई दिनों से बारिश न होने से इस कदर मुसीबत बढ़ी है कि रात में भी उमस के कारण लोग करवटें बदलने को मजबूर हो रहे हैं।
सूरज की तल्खी लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह से ही तेज धूप बदन झुलसाने को बेताब नजर आने लगती है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा की गति 2 किमी प्रति घंटा रही जबकि आर्द्रता 72 प्रतिशत दर्ज की गई। बेशक बुधवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में गिरावट आई, लेकिन उमस व तपिश इस कदर रही कि लोगों को किसी तरह की राहत नहीं मिली। सुबह से शाम तक लोग बेहाल होते रहे। समय बढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी ने स्थिति यह की कि दोपहर में सड़कें सन्नाटे में डूब गई। मुख्य बाजारों में भी चहल पहल गायब हो गई। रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंडों पर भी खासी दिक्कत रही। यहां पर्याप्त छाया का इंतजाम न होने से लोगों को धूप में ही खड़े होकर ट्रेनों व बसों का इंतजार करना पड़ा। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ संदीप कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। 12 सितंबर तक बारिश की संभावना नहीं है।