कवि शिशु को किया याद
औरैया, जागरण संवाददाता : स्थानीय बुद्धमती इंटर कालेज में बुधवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कवि शिशुपाल सिंह भदौरिया शिशु को रचना धर्मिता का शिखर पुरुष बताते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस मौके पर पौधरोपण भी हुआ।
शिशु स्मारक समिति के मंत्री डा. आंज्नेय सहाय अवस्थी स्वाधीन भारत के कुटिल स्वार्थी नेताओं की दूषित राजनीति को शिशु जी ने अपनी रचनाओं के जरिए निशाने पर लिया। प्रधानाचार्य परिषद के महामंत्री मनोज शुक्ल ने कहा कि कवि शिशु दलीय राजनीति से हमेशा दूर रहे। प्रधानाचार्य उमाकांत दीक्षित ने कहा कि शिशु जी पराधीन भारत के सामाजिक, सांस्कृतिक नव जागरण तथा राष्ट्रीय चेतना को वाणी देने वाले उच्च कोटि के कवि थे। प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन उपाध्याय ने उनके हिंदी भाषा के प्रचार में योगदान को याद किया। प्रधानाचार्य सुधीर त्रिपाठी, केके गुप्त, फूल सिंह, लता श्रीवास्तव, अशोक अवस्थी, अंकुर दीक्षित, नवीन त्रिपाठी ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर विद्यालय परिसर में 101 पौधे रोपे गए।