रुरूगंज फीडर में आग, 10 घंटे गुल रही बिजली
अछल्दा(औरैया), संवाद सूत्र : विद्युत सबस्टेशन अछल्दा में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हालांकि इस बारे में विभाग के अधिकारी अंजान बने हैं। 24 घंटे भी नहीं बीते कि सब स्टेशन के रुरूगंज फीडर में सुबह आग लग गई, जिससे मशीन जल गई, वहीं 10 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। आपूर्ति ठप रहने से जहां रुरूगंज के लोग पानी के लिए परेशान रहे तो वहीं मशीन को ठीक करने में विद्युत विभाग के कर्मचारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सब स्टेशन की विद्युत व्यवस्था बिल्कुल जर्जर है। लाइन ट्रिप न होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले नौ महीने से सब स्टेशन की मशीन डायरेक्ट चल रही है। इनमें ट्रिपिंग नहीं होती, इसके चलते पहले बुधवार की सुबह चूहा घुसने से सब स्टेशन में आग लग गई थी तो वहीं गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे रुरूगंज फीडर में नमी की अधिकता के चलते आग लग गई। आग को बुझाने में एसएसओ जयवीर सिंह बाल बाल बच गए। हालांकि उनके कपड़े जल गए। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। लाइन को काटकर विद्युत आपूर्ति ठप की गई। इसके बाद विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे जेई ओमवीर सिंह व एसडीओ संजय सिंह ने जांच पड़ताल की। 10 घंटे मरम्मत का कार्य चलता रहा, उसके बाद शाम करीब सवा चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।