गहमागहमी के बीच राशन डीलर का चुनाव
अजीतमल(औरैया), संवाद सहयोगी : बुधवार को एलचीनगर में राशन डीलर का चुनाव भारी गहमागहमी के बीच हुआ। प्राथमिक विद्यालय परिसर में चिलचिलाती धूप से बेपरवाह प्रत्याशी का समर्थन करने आई महिलाओं में खासा उत्साह दिखा। भीड़ को व्यवस्थित करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। चुनाव में अरविंद को कोटा डीलर के रूप में विजयी घोषित किया गया, वहीं अखिलेश ने चुनाव समिति पर पक्षपात का आरोप लगाया।
राशन डीलर के चुनाव को लेकर दोपहर 2 बजे तक मीना पत्नी अखिलेश, सरोजा पत्नी अरविंद, फूलमती पत्नी परदेशी लाल, डिंपल पत्नी शैलेंद्र सिंह ने नामांकन किया। थोड़ी ही देर में चुनाव जातिवादी रंग में रंग गया। इसके चलते समर्थकों ने भी खेमा बदलना शुरू कर दिया। शैलेंद्र सिंह व परदेशी लाल ने अरविंद को समर्थन दे दिया। इसके बाद मुख्य मुकाबला अखिलेश व अरविंद के बीच हुआ। अरविंद के पक्ष में 582 समर्थक तथा अखिलेश के पक्ष में 354 समर्थक ही रहे। अरविंद के जीतने पर अखिलेश ने निर्वाचन अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अपने खेमे के लोगों को गिनती में छोड़ देने का आरोप लगाते हुए दुबारा चुनाव की मांग की। हालांकि चुनाव अधिकारी सुरेश चंद्र गौतम, रविंद्र कुशवाहा व अरविंद कटियार ने दोबारा चुनाव प्रक्रिया से इंकार कर दिया।