गर्म हवा के थपेड़ों ने झुलसाया
औरैया, जागरण संवाददाता : वैशाख के पहले हफ्ते में सूर्यदेव के तेवर तल्ख हो गए हैं। सुबह आठ बजे के बाद से ही कड़ी धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया है। दोपहर के वक्त आलम यह रहता है कि गर्म हवाओं के थपेड़े असहनीय हो जाते हैं। गर्मी की इस मार से बेजुबान भी बच नहीं सके हैं। यह बेचारे भी पोखर व पेड़ के नीचे आसरा खोजते दिखाई पड़ रहे हैं।
बुधवार को कड़ी धूप निकली। इसके चलते लोगों को गर्मी का खासा अहसास हुआ। कमरे के भीतर पंखा चलने के बावजूद गर्मी का असर दिखाई पड़ा। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा सा रहा। जरूरी कामकाज निपटाने वाले ही सड़क पर निकले। अधिकतम तापमान जहां 39.5 डिग्री रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान कुछ कम होने से शाम के वक्त लोगों को राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ डा. संदीप कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान तेजी से बढ़ेंगे। मई के पहले हफ्ते तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री के ऊपर जाने की संभावना है।