जालौन से लगी सीमा सील, पुलिस फोर्स तैनात
अयाना(औरैया), संवादसूत्र : मतदान से पहले सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं। जालौन जिले से कोई भी व्यक्ति बीहड़ी क्षेत्र में दाखिल न हो सके। इसके लिए बीहड़ से जुड़ी जालौन जिले की सीमा को सील कर दिया गया है। यमुना किनारे के सभी घाटों पर पुलिस फोर्स तथा केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती की गई है, वहीं औरैया-जालौन मार्ग पर बैरीकेटिंग लगाकर आवागमन को रोक दिया गया है।
चुनाव के लिहाज से अयाना क्षेत्र खासा संवेदनशील माना जा रहा है। एक दशक पहले यह क्षेत्र डकैतों का गढ़ रहा है और उनका आवागमन जालौन से होता रहा है। ऐसे में कोई भी अवांछित तत्व इस संवेदनशील इलाकों में अपनी घुसपैठ न कर सके, इसके लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। यमुना के जुहीखा घाट, भरसौल घाट, बीजलपुर व मई-अस्ता के घाटों पर पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात हो गई है। यमुना के आरपार डोंगी से जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। मछवारों की नावों को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। यमुना नदी पर पुलिस टीम निगरानी कर रही है। घाटों से जुड़े गांवों में भी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। इधर औरैया-जालौन मार्ग को बैरीकेटिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ओमवीर सिंह ने बताया कि जालौन से आवागमन को बंद कर दिया गया है। यमुना नदी पर पूरी रात फोर्स निगरानी करेगी।