हड़ताल पर सफाई कर्मी, अस्पताल में पसरी गंदगी
अमरोहा : जिला अस्पताल के सफाई कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर चले गए। इस कारण पूरे अस्पताल की सफाई व्यव
अमरोहा : जिला अस्पताल के सफाई कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर चले गए। इस कारण पूरे अस्पताल की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सफाई कर्मचारियों की कंपनी के मैनेजर से नोकझोंक हुई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि 10 से 12 घंटे प्रतिदिन काम करने के बाद भी कंपनी पूरा मानदेय न देकर उत्पीड़न कर रही है।
आल सर्विसेज कंपनी के पास जिला संयुक्त चिकित्सालय के सफाई कार्य का ठेका है। कंपनी ने ठेके पर कर्मचारियों को तैनात किया है। हर साल की तरह नवीनीकरण के दौरान कंपनी ने कुछ कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। ऐसे में नाराज सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से पूरे अस्पताल की सफाई व्यवस्था ठप हो गई। अस्पताल के वार्ड से लेकर बाहर तक गंदगी का ढेर लगा रहा। जिससे उठने वाली दुर्गध से सिर्फ मरीज ही नहीं डॉक्टर और कर्मचारी भी परेशान रहे। सीएमएस ने कंपनी के अधिकारियों को सफाई कार्य कराने का आदेश दिया मगर सफाई कर्मियों के हड़ताल के कारण अस्पताल की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई। इस दौरान हड़ताली कर्मचारियों और कंपनी के मैनेजर से तकरार हुई।
मैनेजर ने काम करने को कहा तो वह निकाले गए कर्मचारियों को पुन: रखने पर अड़ गए। कर्मचारियों ने कहा कि प्रत्येक दिन 10 से 12 घंटे काम लिया जाता है। हमें नौ हजार रुपया प्रतिमाह मानदेय मिलना चाहिए, मगर कंपनी पांच हजार रुपये ही देती है। कहा कि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस मौके पर सुनीता, बबीता, परवीन, भरतपाल, गौतम, महेंद्र, पप्पू, मनोज, सावित्री, कपिल सहित आदि सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।