सूरज की तपन बढ़ी, खूब बहा पसीना
अमेठी : सूरज की तपन दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जिससे लोग बेहाल हो रहे हैं। सुबह से ही पसीने से तर
अमेठी : सूरज की तपन दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जिससे लोग बेहाल हो रहे हैं। सुबह से ही पसीने से तरबतर हुए लोगों को भीषण गर्मी का दंश झेलना पड़ रहा है। पारा 42 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी गर्मी और विकराल रूप धारण करेगी।
मई माह सबसे गर्म महीना माना जाता है। किंतु अप्रैल माह के शुरूआत से ही लोगों का हलक सुखा देने वाली गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। भीषण गर्मी के चलते सोमवार की दोपहर सड़कों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। लोग पंखों के नीचे बैठे दिखे। रात में भी उमस भरी गर्मी से लोगों रातों की नींद छिन गई है। गर्मी के चलते खेती किसानी में बाधाएं आ रही हैं। गेहूं की कटाई व मड़ाई दोपहर में बंद रही। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा साढ़े चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से उत्तर से दक्षिण की ओर चली। पूर्वानुमान में उन्होंने बताया कि हवा की गति तेज हो सकती है। जिससे आंधी आने की उम्मीद है। तापमान और बढ़ने के आसार हैं।