हवा में अभियान, सड़कों पर कुत्ते
अंबेडकरनगर : नगर पालिका परिक्षेत्र में आवारा कुत्तों एवं पशुओं की भरमार है। इनके हमले से रोजाना लो
अंबेडकरनगर : नगर पालिका परिक्षेत्र में आवारा कुत्तों एवं पशुओं की भरमार है। इनके हमले से रोजाना लोग घायल हो रहे हैं। इसकी ताईद जिला अस्पताल में एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने वाले मरीजों से हो रही है। इसके बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा इनकी धरपकड़ के लिए अभी तक अभियान नहीं चलाया जा सका है। पालिका प्रशासन नागरिकों की इस समस्या से कोई सरोकार नहीं रखता है।
जिला मुख्यालय स्थित नगर पालिका परिषद अकबरपुर परिक्षेत्र में करीब पांच सौ कुत्ते एवं 50 से अधिक आवारा पशु हैं। गली-कूचों से लेकर मुख्य मार्गों पर इन आवारा जानवरों एवं पशुओं को खुलेआम घूमते रोजाना देखा जा सकता है। वहीं नगर के कई मोहल्लों में बंदरों की भरमार है। कुत्ते एवं बंदरों का कहर नगर के गली-मुहल्लों में जारी है। सड़कों पर आने-जाने वाले नन्हें-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्गों पर भौंकना एवं हमलाकर काटने की घटनाएं रोजाना होती हैं। वहीं नगर के शहजादपुर कस्बे में बंदरों का खौफ है। बंदरों एवं कुत्तों के हमले में घायल सौ से डेढ़ सौ की संख्या में लोग रोजाना जिला चिकित्सालय में एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। आवारा कुत्तों एवं पशुओं की धरपकड़ का जिम्मा पालिका प्रशासन का होता है। इसके लिए पालिका ने कांजी हाउस भी बना रखा है। लेकिन पालिका प्रशासन को नागरिकों की इस समस्या से कोई सरोकार नही है। वर्षाे से इस समस्या से जूझ रहे नगरवासियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका प्रशासन ने अभी तक कोई पहल नहीं की है। नतीजतन सड़कों पर कुत्तों एवं आवारा पशुओं का झुंड खुलेआम घूम कर लोगों को शिकार बना रहा है।
------पालिका प्रशासन की ओर से पूर्व में कुत्तों एवं आवारा पशुओं के विरुद्ध कोई अभियान नहीं चलाया गया है। जल्द ही अभियान चला कर लोगों को इस समस्या से छुटकारा दिलाया जाएगा।
संगीता कुमारी,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, अकबरपुर