एवरेस्ट विजेता अरुणिमा सिन्हा पर बनेगी फिल्म
अंबेडकरनगर : एवरेस्ट की चोटी पर देश का तिरंगा झंडा फहराने वाली जिले की बेटी एक और शोहरत हासिल करने ज
अंबेडकरनगर : एवरेस्ट की चोटी पर देश का तिरंगा झंडा फहराने वाली जिले की बेटी एक और शोहरत हासिल करने जा रही है। पद्मश्री पुरस्कार से नवाजी जा चुकी पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा पर फीचर फिल्म बनने जा रही है। इसके लिए निर्माता, निर्देशक व अभिनेता फरहान अख्तर से एक चक्र वार्ता हो चुकी है। सब कुछ ठीक रहा तो इसी साल ही यह फिल्म बननी शुरू हो जाएगी। इसके लिए मिलने वाली रायल्टी की राशि अरुणिमा स्वयं नहीं बल्कि स्पोर्ट्स अकादमी के नाम लेंगी। जिससे भविष्य में खिलाड़ियों को तैयार करने वाले केंद्र के संचालन में कोई रुकावट न आए। अंबेडकरनगर जिले के पंडा टोला निवासिनी अरुणिमा ने वर्ष 2013 में एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराया। इसके बाद विश्व की अन्य कई चोटियों पर भी फतह हासिल की। इस कार्य के लिए उन्हें गत दिनों पदम पुरस्कार से अलंकृत किया गया। अरुणिमा की जीवनी से फिल्म स्टार व डायरेक्टर फरहान खासा प्रभावित हैं। बकौल अरुणिमा उन्होंने ट्वीटर पर संदेश के जरिए मिलने की इच्छा जताई थी। संदेशों का अदान-प्रदान होने पर गत सोमवार को अख्तर, अरुणिमा के लखनऊ स्थित आवास पर आ पहुंचे। बकौल अरुणिमा वह दो बजे की फ्लाइट से पहुंचे थे। करीब चार घंटे तक उन्होंने घर पर बातचीत की। इस दौरान फिल्म बनाने की इच्छा जताई तो अरुणिमा ने भी हां कर दी। शर्त इतनी रखी कि वह एक रुपये की रायल्टी पर नहीं बल्कि पूरी राशि पर फिल्म बनाने की इजाजत देंगी कारण उन्हें स्पोर्ट्स अकादमी के बच्चों के लिए बहुत कुछ करना है। इस पर फरहान ने जल्द ही बैठकर सारी बातें तय करने की बात कही है। गौरतलब है कि इससे पूर्व फरहान अख्तर भाग मिल्खा भाग फिल्म बना चुके हैं, जो बेहद लोकप्रिय हुई।