चिकित्सक को गोली मार हत्या का प्रयास
अंबेडकरनगर : मरीज बनकर आए बाइक सवार दो हमलावरों ने निजी चिकित्सक को गोली मार दी। घटना के पीछे रंगदार
अंबेडकरनगर : मरीज बनकर आए बाइक सवार दो हमलावरों ने निजी चिकित्सक को गोली मार दी। घटना के पीछे रंगदारी वसूली का मामला बताया जा रहा है। पुलिसिया कार्रवाई मुकदमा दर्ज करने तक सीमित है। घटना इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र की है।
केदारनगर संवादसूत्र के मुताबिक देवरायपुर निवासी संतोष कुमार वर्मा पुत्र रामजतन उतरेथू बाजार में करीब 15 वर्ष पूर्व से निजी मकान बनाकर प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। सोमवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे म¨हद्रा सेंचुरो बाइक से दो युवक उनकी क्लीनिक पर आ पहुंचे। एक युवक ने पेट दर्द होने की बात कहते हुए दवा देने का आग्रह किया। इस पर डॉक्टर एस. कुमार जैसे ही दवा देने के लिए मुड़े, एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। आवाज सुनते ही बाजार के पड़ोसी गुहार लगाते हुए दौड़े। इस पर दोनों हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। गोली संतोष के पेट के किनारे को छीलते हुए पार कर गई। जिससे उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। घायल को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष एनके पांडेय का कहना है कि तहरीर में सिर्फ हमले की बात लिखी गयी है। रंजिश अथवा रंगदारी मांगने का जिक्र नहीं है। मामले की छानबीन करने के साथ ही हमलावरों की तलाश की जा रही है।
रंगदारी की हो रही थी मांग
केदारनगर : घायल चिकित्सक संतोष की पत्नी सुनीता का कहना है कि रंगदारी मांगने के लिए कई बार फोन आता रहता था। रुपये न देने पर खामियाजा भुगतने के लिए धमकाया जाता था। इस मामले में करीब दो वर्ष पहले पुलिस को लिखित तहरीर भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी तक दर्ज नहीं किया।