कौमी एकता का वाहक बना दीपावली मिलन
अंबेडकरनगर क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम अकबरपुर के सभाकक्ष में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में दीपावली म
अंबेडकरनगर क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम अकबरपुर के सभाकक्ष में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कौमी एकता पर जोर देते हुए आश्रम मंत्री श्रीकृष्ण चौबे ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम, सिख, इसाई सब एक हैं। इनकी एकजुटता ने देश से अंग्रेजों को भगाकर हमें आजादी दिलायी है।
समारोह में बंगाल प्रांत के मशरुद्दीन, रेशम खादी समिति मंत्री हाजी मोहम्मद हिसाउर रहमान ने देश की एकता, अखंडता के लिए क्षेत्रवाद व वर्गवाद रूपी विषमता को समूल नष्ट करने पर बल दिया। ओमकार नाथ त्रिपाठी ने कहा कि अहिंसा ही सबसे बड़ा धर्म है। दीपावली पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है, जिसे हम प्रतिवर्ष दीप पर्व के रूप में मनाते हैं। बंगाल प्रांत के शिक्षक हाजी हफीजुद्दीन ने स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन व उन्हें अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि हमें सदैव आत्मनिर्भरता के रास्ते पर अग्रसर रहना चाहिए। समारोह में मिठाइयां खिलाकर विभिन्न प्रांतों से जुटे खादी, रेशम, कपड़ा व्यापारियों का अभिनंदन किया गया। समारोह को व्यवसायी मुकुल, योगेंद्र मिश्र, राजीव कुमार उपाध्याय, कपिलदेव यादव, हरिश्चंद्र पाठक, शिवकुमार वर्मा व बब्लू शुक्ल ने संबोधित किया।