सपा सरकार में सुरक्षित नहीं महिलाओं का सम्मान
अंबेडकरनगर : सूबे की सपा सरकार ने मासूम जनता को छला है। महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है। जनता में
अंबेडकरनगर : सूबे की सपा सरकार ने मासूम जनता को छला है। महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है। जनता में हाहाकार मचा है। दुष्कर्म एवं हत्या की वारदातें रोजाना अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं।
उक्त बातें भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव ने कहीं। वह कलेक्ट्रेट के समक्ष आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों के कर्ज माफी का वादा हो अथवा बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा। इस सरकार ने महज लोगों को गुमराह करने का काम किया है। किसान, व्यापारी, बुनकर एवं आमजन बिजली की किल्लत झेल रहा है। त्योहारों पर भी बिजली व्यवस्था की बदहाली बरकरार है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण जब तक नहीं होगा, भाजपा तब तक जनहित में संघर्ष और आंदोलन करती रहेगी। राष्ट्रीय परिषद सदस्य रमाशंकर सिंह ने कहा कि चीनी मिल किसानों का करोड़ों रुपये दबाए बैठी है। ऐसे में गाढ़ी कमाई फंसने से किसानों की कमर टूट गई है। धरने को महामंत्री अमरनाथ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजितराम त्रिपाठी, सीताराम निषाद, इंद्रमणि शुक्ल, ज्ञानसागर सिंह, रामअर्ज वर्मा, कृष्णकुमार पांडेय, विनोद सिंह व संजय सिंह आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर राज्यपाल को प्रेषित छह सूत्री मांग पत्र एसडीएम सदर एसपी सिंह को सौंपा गया। धरने में अजय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य अनीता, राजेश्वरी चित्रांशी, साधना राव, मिथिलेश सिंह, ऊषा गुप्ता, महेंद्र सिंह, डॉ. शिवपूजन वर्मा, गया प्रसाद वर्मा, रघुनंदन राजभर, अमित पांडेय, आदित्य शुक्ल व अजय चौधरी आदि शामिल थे।