हैंडपंप उखाड़ने के विवाद का पटाक्षेप
अंबेडकरनगर : कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय में जबरन हैंडपंप उखाड़ने के मामले का पटाक्षेप हो गया। सभासद की अगुआई में भू-स्वामी ने उखाड़े गये हैंडपंप को पुन: लगवाने की बात पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
मामला उक्त थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोविंद गनेशपुर का है। गत 25 सितंबर को असलहों से लैस दबंगों ने जेसीबी मशीन से विद्यालय में लगा इंडिया मार्का-टू हैंडपंप उखड़वा दिया था। ग्रामीणों के विरोध करने पर उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया गया था। मामले में प्रधानाध्यापिका सुषमा देवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के राजेंद्र गुप्त, अनुराग, अजय एवं भाजपा नेता ज्ञानेंद्र पांडेय समेत कुछ अज्ञात के विरुद्ध जान से मारने की धमकी देने एवं लोक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद कंचन वर्मा के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में उखाड़े गये हैंडपंप को पुन: लगवाने एवं विद्यालय के उत्तर तरफ चार फीट भूमि छोड़कर सीमांकन कराने की सहमति बन गई। इसके बाद दोनों पक्षों के मध्य चल रहा विवाद समाप्त हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने सहमति पत्र पुलिस को सौंप दिया। प्रभारी कोतवाल योगेश शाह ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह हो गई है।