बिजली व्यवस्था न सुधरी तो सड़क पर उतरेंगे
अंबेडकरनगर : प्रदेश में बदतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था के विरोध में आम आदमी पार्टी जिला इकाई ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर ज्ञापन सौंप शीघ्र व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की गयी। ऐसा न होने की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी गयी।
प्रदर्शन की अगुआई जिला संयोजक विक्रम यादव ने की। जिला संयोजक ने कहा कि इस समय प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती से हाहाकर मचा हुआ है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। समस्या को सुलझाने के बजाय केंद्र एवं राज्य सरकारें एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। प्रदेश का किसान एवं व्यापारी वर्ग सबसे ज्यादा पीड़ित महसूस कर रहा है।
जिला सचिव रमेश कुमार ने कहा कि बिजली व्यवस्था चरमराने के कारण प्रदेश एवं जिलों में लोग हिंसक प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे कानून व्यवस्था को खुली चुनौती मिल रही है। प्रदर्शन में संगठन प्रभारी दिलावर हुसैन, काली सहाय, वीरेंद्र गुप्त, विकास दुबे, ईश्वर चंद्र, राजेश वर्मा, राजीव यादव, बसंतराम वर्मा, अच्छन मलिक कोमल प्रसाद, रोहित गौड़, देवेंद्र प्रसाद त्रिपाठी आदि शामिल रहे।